धन प्राप्ति के उपाय जानने की इच्छा हर व्यक्ति रखता है। क्योंकि धन का महत्व हर युग और काल खंड में रहा है। बात चाहे पौराणिक काल की रही हो या फिर आधुनिक युग की, धन ने अपना महत्व शुरू से ही सबके जीवन में दर्शाया है। कुल मिलाकर धन के बगैर कुछ भी संभव नहीं है। धन प्राप्ति की कामना हर कोई करता है और उसे पाने के लिए हर संभव प्रयास करता है। इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं लक्ष्मी प्राप्ति के उपाय, इन उपायों की मदद से आपके जीवन में आ रही आर्थिक तंगी दूर होगी और धन की देवी लक्ष्मी की आप पर कृपा होगी।
महालक्ष्मी पूजा: लक्ष्मी प्राप्ति के उपाय में सबसे पहले धन की देवी यानि मां लक्ष्मी की आराधना का विधान है। क्योंकि लक्ष्मी जी की कृपा के बगैर पैसों की कामना करना असंभव है। शुक्रवार के दिन महालक्ष्मी का पूजन करें। माता लक्ष्मी की फोटो या मूर्ति के आगे तिल के तेल व घी का दीया जलाएं। हल्दी व कुमकुम का तिलक लगाकर, मां को गुलाब के पुष्प अर्पित करें और धूपबत्ती जलाकर पूजा करें। दूध व गुड़ से तैयार मिठाइयों का भोग लगाएं। मां लक्ष्मी से अपनी सुख-समृद्धि व जीवन में कृपा बनाएं रखने के लिए कामना करें।
धन प्राप्ति के उपाय में विभिन्न यंत्रों की पूजा का महत्व भी बताया गया है। इनमें श्री यंत्र, महालक्ष्मी यंत्र, धन वर्षा यंत्र, व्यापार वृद्धि यंत्र, लक्ष्मी-कुबेर यंत्र का प्रभाव बहुत सकारात्मक होता है। इन यंत्रों के प्रभाव से व्यक्ति की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और जीवन में सुख प्राप्त होता है। चाहें तो प्राचीन परंपरा के अनुसार घर के ईशान कोण में श्री यंत्र, ताम्र पत्र, रजत पत्र या भोज पत्र पर बनवाकर और फिर उनमें प्राण प्रतिष्ठा करवाने के बाद उनकी पूजा भी कर सकते हैं। धन प्राप्ति के उपाय के संबंध में अन्य यंत्र इस प्रकार हैं-
नवग्रह यंत्र से करें नवग्रहों को खुश
महालक्ष्मी यंत्र को आज ही घर लाएं
पाएं आप भी धन वर्षा यंत्र की कृपा
श्री यंत्र से प्राप्त करें देवी लक्ष्मी का आशीर्वाद
यक्षों के राजा कुबेर को धन का अधिपति माना जाता है। पृथ्वीलोक की समस्त धन संपदा के भी एकमात्र वही स्वामी हैं। इनकी कृपा से धन प्राप्ति के योग बन जाते हैं। धन के अधिपति को पूज कर व मंत्र साधऩा करके आप भी कुबेर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। देवी महालक्ष्मी के साथ कुबेर महाराज को पूजने से जीवन में आर्थिक लाभ प्राप्त होता है। इसलिए कुबेर यंत्र की स्थापना और आराधना भी धन प्राप्ति का अच्छा उपाय है।
लक्ष्मी प्राप्ति के उपाय के संबंध में श्री सूक्त पाठ का बड़ा महत्व है। ऋग्वेद में माता लक्ष्मी की उपासना हेतु श्री सूक्त के मंगलकारी मंत्रों का ज़िक्र किया गया है। शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी की पूजा करते वक्त श्रीसूक्त मंत्र का पाठ कीजिए या फिर हवन करते वक्त भी आप इस मंत्र का जाप कर सकते हैं। श्रीसूक्त पाठ से देवी लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और गरीबी को दूर कर सुख व समृद्धि प्रदान करती हैं।
स्तोत्र व श्लोक का उच्चारण सुख-समृद्धि, संपन्नता व वृद्धि से संबंधित शुभ फल प्रदान करता है। आप निम्नलिखित स्तोत्र का जाप कर सकते हैं-
अष्टदलोपरिवेष्टित लिंगं, सर्वसमुद्भवकारण लिंगं।
अष्टदरिद्रविनाशित लिंगं, तत्प्रणमामि सदाशिव लिंगं॥
अर्थात आठों दलों में मान्य, एवं आठों प्रकार के दरिद्रता का नाश करने वाले सदाशिव लिंग सभी प्रकार के सृजन के परम कारण हैं – आप सदाशिव लिंग को प्रणाम।
वैदिक ज्योतिष के अनुसार द्वितीय भाव, अष्टम भाव व एकादश भाव पैसों से संबंधित भाव है। इन्हें मज़बूत बनाने से जीवन में सकारात्मकता का प्रवाह होता है। गुरु ग्रह को धनकारक भी कहा जाता है। ज्योतिषीय उपायों को अपनाकर आप गुरु ग्रह के लाभदायक फल जैसे धन-संपदा आदि प्राप्त कर सकते हैं। गुरु ग्रह को शक्तिशाली बनाने के लिए मंत्र का जाप करना चाहिए।
धन प्राप्ति के मंत्र
देवानां च ऋषिणां च गुरुं काञ्चनसन्निभम्। बुद्धिभूतं त्रिलोकेशं तं नमामि बृहस्पतिम्।।
ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं सः गुरवे नमः। ह्रीं गुरवे नमः। बृं बृहस्पतये नमः।
वहीं दूसरी ओर शुक्र ग्रह भौतिक सुख-साधन व विलासिता का प्रतीक होता है। इसकी कृपा से भी भव्य जीवन शैली प्रदान होती है। शुक्र को शक्तिशाली बनाने के लिए इस मंत्र का जाप करें-
हिमकुन्दमृणालाभं दैत्यानां परमं गुरुम। सर्वशास्त्रप्रवक्तारं भार्गवं प्रणमाम्यहम।।
ॐ द्रां द्रीं द्रौं सः शुक्राय नमः। ह्रीं शुक्राय नमः। शुं शुक्राय नमः।
इसके अलावा शनि और राहु के दोषपूर्ण प्रभावों व सुख-संपत्ति के रास्ते में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए उपचारात्मक उपायों को अपनाया जा सकता है।
जिस घर में अक्सर लड़ाई होती रहती है, उस घर पर लक्ष्मी की कृपा नहीं होती है, इसलिए यह सुनिश्चित करें कि आपके घर में लड़ाई न हो। इसके साथ ही घर की स्त्रियों को हमेशा सम्मान दें क्योंकि स्त्री को देवी का रूप माना जाता है। जिस घर में स्त्री का सम्मान नहीं होता, वहां लक्ष्मी का वास नहीं होता है।
जूठा भोजन न करें क्योंकि किसी का जूठा खाने से उसकी दरिद्रता का कुछ अंश आप में आ सकता है, ऐसे में खुद को संपन्न बनाए रखने के लिए किसी का भी जूठा न खाएं।
हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे का बहुत महत्व है। घर में तुलसी का पौधा लगाएं और हर शाम उसके पास घी का दीपक जलाएं, ऐसा करने से माता लक्ष्मी की कृपा बरसेगी। वैसे अचल लक्ष्मी के वास के लिए तुलसी के पौधे को उत्तर-पूर्व दिशा में रखें।
प्रातः जल्दी उठकर स्नान आदि करने के बाद पूजा-पाठ करने वाले घरों में लक्ष्मी का वास होता है। इसके साथ ही भगवान को भोग लगाने के बाद ही भोजन करना चाहिए।
भगवान के पूजन के लिए हमेशा अलग कमरा रखें साथ ही उसकी शुद्धता का भी विशेष ख्याल रखें। पूजा करने से पहले पूरी तरह शुद्ध हो जाएं। अपने इष्ट देवता / देवी की हर दिन पूजा करें।
घर में लक्ष्मी का वास करवाने के लिए साफ-सफाई रखना आवश्यक है। सुबह उठते ही पूरे घर व रसोई में झाड़ू लगाएं, तत्पश्चात रसोई में कोई कार्य करें। शाम को झाड़ू लगाने का अर्थ घर से लक्ष्मी को निकालना होता है, ऐसे में शाम होने के बाद घर में झाड़ू न लगाएं। रात में रसोई में जूठे बर्तन न छोड़े और रसोई की सफाई करने के बाद ही सोएं। घर में कबाड़ आदि इकट्ठा न करें।
जो कमाएं, उसका कुछ हिस्सा परोपकारिक व धार्मिक कार्यों में ज़रूर लगाएं। छल या धोखे से पैसा न कमाएं। पराए धन पर नज़र न रखें और ना ही किसी का फ्री का सामान रखें वरना आज नहीं तो कल आपको उसका उधार चुकाना ही पड़ेगा। धन रखने के स्थान को हमेशा साफ रखें और वहां पर लाल कपड़ा बिछाएं।
सिर्फ ज़रूरत भर का पानी इस्तेमाल करें। बेफिज़ूल में पानी को न बहने दें क्योंकि बहता पानी घर से पैसों के बहाव को दर्शाता है। इसके साथ ही घर में बहते पानी के चित्र भी न रखें। इसके अलावा उपयोग किया गया पानी घर में कहीं जमा न होने दें।
धन के अलावा माता लक्ष्मी का एक और रूप है, अन्न। अन्न की थाली को छोड़ या फेंक कर जाना लक्ष्मी जी का निरादर होता है, इसलिए ऐसा कभी न करें। इसके साथ ही बचे हुए खाने को कभी फेंकना नहीं चाहिए। खाना फेंकने की बजाय यदि आप किसी ज़रूरतमंद को खिला देंगे तो उसकी दुआ लगेगी व माता लक्ष्मी की कृपा भी आप पर बरकरार रहेगी।
धन प्राप्ति का एक उपाय यह भी है कि केवल भाग्य भरोसे ही न बैठे रहिए। आय के स्रोत को बढ़ाने के लिए खुद को भी किसी कार्य में कुशल बनाइए। क्योंकि भगवान भी केवल उनकी ही मदद करते हैं, जो अपनी मदद खुद करते हैं। इसलिए अपनी क्षमता का ध्यान रखते हुए ही आपको अपने कैरियर का चुनाव करना चाहिए और कड़ी मेहनत करनी चाहिए।
हम आशा करते हैं कि धन प्राप्ति के ये उपाय आपके लिए उपयोगी सिद्ध हों और आप पर देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहे।